Ira Web Patrika
मार्च 2026 अंक पर आपका हार्दिक अभिनन्दन है। आप सभी को नवरात्रि एवं ईद की हार्दिक शुभकामनाएँ। आपकी अमूल्य प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा रहेगी।

प्यारचंद शर्मा 'साथी' की क्षणिकाएँ

प्यारचंद शर्मा 'साथी' की क्षणिकाएँ

कम शब्दों में बहुत गहरी बात करतीं प्यारचंद शर्मा 'साथी' की क्षणिकाएँ, क्षणिका विधा को बहुत मज़बूती के साथ हमारे सामने रखती हैं। सीधी-सरल भाषा तथा शैली की ये छोटी-सी रचनाएँ भरपूर व्यंजकता के साथ संसार की वास्तविकता को प्रस्तुत करती हैं। प्रेम, प्रकृति, हौसले तथा जीवन के नाना रूपकों के माध्यम से रचनाकार गहन दार्शनिक बातें बहुत सहजता से कह जाते हैं। मार्मिकता इन क्षणिकाओं का मज़बूत पक्ष है, जो बिलकुल अंत में जाकर पंच की तरह प्रकटता है।

- के० पी० अनमोल

1.
रात नींद न आई
तो सपने भी न आए
खुले देख द्वार नयनों के
वहीं रुके रहे,
पहरेदार बन।

*******


2.
संध्या ढली
आशंकाओं ने डाला डेरा
भूखा-प्यासा नीड़
नभ निहारता रहा,
पंछी नहीं लौटा।

*******


3.
हवाओं में तैरने लगे
बंसियों के सुर
ह्रदय ताल में
खिलने लगे यादों के कमल ।
कहीं तुमने मेरा गीत,
गुनगुनाया तो नहीं?

*******


4.
पात न रहे तो क्या
मौसम रूठा तो
रूठा रहे
धूप ने रँगा
भर-भर कूची
टहनी-टहनी अमलतास।

*******


5.
जग हैरान था
वह अदना-सा परिंदा
जब उड़ा,
उसके डैनों में
आसमान था।

*******


6.
कोरा था काग़ज़
अनछपा।
तेरी तूलिका ने
वो-वो रंग भरे
गुलाब हुआ।

*******


7.
दिन हुए धूप के
धूप लगे रेशम-सी
देह के पोर-पोर
माघ महीना
शीत ने छीना
अब कहाँ पसीना!

*******


8.
धूल भरी
पगडंडी पर
छाँव ढूँढती फिरी
नंगे पाँव
पसीने से तर-ब-तर
जेठ मास की दोपहरी।

*******


9.
क्षुब्ध होता
तो करता रुदन
आक्रोश में
बिजलियाँ गिराता
आकाश भी रखता
संवेदनशील हृदय।

*******


10.
सुलझाने के
जितने प्रयास किये
उतनी उलझती गई डोर
पता ही न चला
कब उम्र सरक गयी।

0 Total Review

Leave Your Review Here

रचनाकार परिचय

प्यारचंद शर्मा 'साथी'

ईमेल : sharmapyarchand123@gmail.com

निवास : भीलवाड़ा (राजस्थान)

जन्मतिथि- 22 जनवरी, 1946
जन्मस्थान- उदयपुर (राजस्थान)
शिक्षा- एम० एससी (वनस्पति शास्त्र)
संप्रति- राजकीय महाविद्यालय भीलवाड़ा से व्याख्याता पद से सेवानिवृत
प्रकाशन- कटी यात्रा (काव्य संग्रह) प्रकाशित।
वीणा, मधुमति, नवनीत, वातायन, बिंदु आदि पत्रिकाओं में प्रकाशन।
प्रसारण- आकाशवाणी के उदयपुर केंद्र से कविताओं का प्रसारण।
संपर्क- 3- इ -55, नया हाउसिंग बोर्ड, शास्त्री नगर, भीलवाड़ा (राजस्थान)
मोबाइल- 9468608462