Ira Web Patrika
नवम्बर-दिसम्बर 2025 संयुक्तांक पर आपका हार्दिक अभिनन्दन है। आपकी अमूल्य प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा रहेगी।

गुलशन मदान की ग़ज़लें

गुलशन मदान की ग़ज़लें

बहुत बिकती हैं तलवारें-कटारें
सुई  का धंधा मंदा चल रहा है


1.

कैसी-कैसी हैं  ख़ूबियाँ  उसकी
फूल उसके हैं तितलियाँ उसकी

आसमां पर उसी  के  पंछी  हैं
ताल में भी हैं मछलियाँ उसकी

उसके रहमो करम की  बारिश है
धूप उसकी  है, बदलियाँ  उसकी

दुःख भी उसके हैं, सुख भी हैं उसके
नीम   उसकी,  निंबोलियाँ    उसकी

वो मुसलसल-सा इक फ़साना है
क्या कहूँ  मैं  कहानियाँ  उसकी

जब भी लिखता हूँ मुझको लगता है
हाथ   मेरे   हैं,  उंगलियाँ   उसकी

***********


2.

ख़ुशी का धंधा मंदा चल रहा है
हँसी का धंधा मंदा चल  रहा है

जिसे कल ब्याज पर पैसे दिए थे
उसी का धंधा  मंदा चल  रहा है

हैं अम्बानी के वारे न्यारे, बाक़ी
सभी का धंधा मंदा चल रहा है

किसी को दे गया चाँदी कोरोना
किसी का धंधा मंदा चल रहा है

बहुत बिकती हैं तलवारें-कटारें
सुई का धंधा मंदा चल  रहा है

खुली हैं मॉल में जबसे दुकानें
गली का धंधा मंदा चल रहा है

नहीं यह बात इक दो दिन की 'गुलशन'
कभी  का   धंधा   मंदा   चल   रहा है

2 Total Review

गुलशन मदान

07 July 2025

आभार संपादक मंडल ......

वसंत जमशेदपुरी

30 June 2025

अच्छी है

Leave Your Review Here

रचनाकार परिचय

गुलशन मदान

ईमेल : gulshanmadaan143@gmail.com

निवास : मुंबई (महाराष्ट्र)

जन्मतिथि- 18 जनवरी, 1961
जन्मस्थान- कैथल (हरियाणा)
शिक्षा- कला स्नातक
संप्रति- भारतीय स्टेट बैंक से अधिकारी पद से रिटायर्ड। वर्तमान में फिल्मकार, लेखक एवं गीतकार।
प्रकाशन- ग़ज़ल, कहानी, लघुकथा, उपन्यास, दोहा संग्रह, हास्य व्यंग्य, बाल गीत एवं अनुवाद कृतियों सहित कुल 23 पुस्तकें प्रकाशित।
अन्य उपलब्धियाँ-
हिंदी फीचर फ़िल्म *राशिफल* के लिए निर्माण एवं निर्देशन के अतिरिक्त कथा, पटकथा, संवाद एवं गीत लेखन।
लेखक की रचनाओं पर दो बार M.Phil व एक बार PhD भी हो चुकी है।
दूरदर्शन एवं आकाशवाणी के लिए प्रसार भारती द्वारा अप्रूव्ड शायर का दर्जा प्राप्त।
ग़ज़ल गायक भूपिंदर सिंह, मीताली सिंह एवं साधना सरगम द्वारा ग़ज़लों का गायन।
तीन लघु फिल्म, बारह धारावाहिक एवं तीन फिल्मों में अभिनय।
सम्मान-
वर्ष 2016 में हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा ग़ज़ल संग्रह 'काग़ज़ की नाव' श्रेष्ठ कृति के रूप में पुरस्कृत।
वर्ष 2019 के महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री हरियाणा द्वारा बाबू बालमुकुंद गुप्त सम्मान द्वारा सम्मानित।
संपर्क- 1002, लक्ष्मी केलिस्टा, प्लॉट 283, जवाहर नगर , गोरेगाँव (वेस्ट) मुंबई (महाराष्ट्र)– 400104
मोबाइल- 9729799988