Ira Web Patrika
जुलाई-सितंबर 2026 अंक पर आपका हार्दिक अभिनन्दन है। आपकी अमूल्य प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा रहेगी।

सोनिया वर्मा के दोहे

सोनिया वर्मा के दोहे

सोनिया वर्मा के दोहे जीवन के विभिन्न पहलुओं और उनकी असलियत को समझने के क्रम में मार्गदर्शक का काम करते हैं। नीति तथा दर्शन इनकी रचनाओं के केंद्र-बिंदु हैं, जो यह सिखाने का प्रयास करते हैं कि जीवन को किस प्रकार समझना और कैसे जीना है। ये समकालीन दोहे ख़ुद के आँकलन तथा समाज पर मंथन करने की प्रेरणा देते हैं।

अपनेपन का भाव ही, ग़ज़ब दिखाता खेल।
पल भर में ही शत्रु से, करवाता है मेल।।


ख़ुशियाँ रहतीं चार दिन, दुख-दिन रहें हज़ार।
जीनी ऐसी ज़िंदगी, क्यों हैं बारम्बार।।


बच्चे बच्चों-सा नहीं, करते अब व्यवहार।
मोबाइल की लत इन्हें, करती है लाचार।।


चार दिनों की ज़िंदगी, जाय न यूँ ही बीत।
कुछ खेलों में हार जा, कुछ खेलो में जीत।।


अनुभव की सीढ़ी सदा, देगी सच्चा ज्ञान।
मात-पिता की सीख-सा, इसको भी तू मान।।


लाख जतन हमने किए, हुआ नहीं उद्धार।
हारा जो भी प्यार में, हारा वो संसार।।


चलती रहती है सदा, यादों की ये रेल।
खोना-पाना बस यही, है जीवन का खेल।।


अपने दुख को भूलकर, हँसना ले तू सीख।
देता कोई भी नहीं, अब खुशियों की भीख।।


बूढ़ी आँखें ताकती, हर पल अपना द्वार।
बेटे की कुछ सूचना, मिल जाए इस बार।।


जीवन में हर लक्ष्य को, पा सकते हैं आप।
हर पल जब जीते रहें, कर सपनों का जाप।।


सुख सुविधाओं के हुए, हम सब इतने दास।
पल भर भी इनके बिना, जीवन है संत्रास।।


राजा के दरबार का, ग़ज़ब हुआ है हाल।
सच्चा डर से कांपता, झूठा खाए माल।।


मामूली-सी चीज़ भी, होती कितनी ख़ास।
इक पत्थर ने आज ये, करा दिया अहसास।।


जैसे-जैसे बढ़ रहा, लोगों में अलगाव।
वैसे-वैसे घट रहा, अपनेपन का भाव।।

0 Total Review

Leave Your Review Here

रचनाकार परिचय

सोनिया वर्मा

ईमेल : vermasonia783@gmail.com

निवास : रायपुर (छत्तीसगढ़)

जन्मतिथि- 20 अक्टूबर
शिक्षा- एम० एस० सी० (गणित), बी० एड
सम्प्रति- राजकीय सेवा (प्रवक्ता गणित)
लेखन विधाएँ- ग़ज़ल, दोहा, छन्द, अतुकांत, गीत, समीक्षा, आलेख आदि
प्रकाशन- 101 महिला ग़ज़लकार, कहाँ तुम चले गये, 2020 की नुमाइंदा ग़ज़लें, ग़ज़ल त्रयोदश (खंड- 4), इस दौर की ग़ज़लें, इक्कीसवें साल की इक्कीसवीं सदी की बेहतरीन ग़ज़लें, आधी आबादी के दोहे, यत्र नार्यस्तु पूज्यते आदि ग़ज़ल एवं दोहा संकलनों में रचनाएँ प्रकाशित
शैलसूत्र, गीत गागर, दि अंडरलाइन आदि पत्रिकाओं के ग़ज़ल विशेषांक में रचनाएँ प्रकाशित
दि अंडरलाइन पत्रिका, संवदिया, सरस्वती सुमन आदि पत्रिकाओं के दोहा विशेषांकों में रचनाएँ प्रकाशित
देश की प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित
प्रसारण- रायपुर दूरदर्शन में ग़ज़़ल पाठ का प्रसारण
पता- एम० आई० जी० 1180, वीर सावरकर नगर, हीरापुर, रायपुर (छ०ग०)- 492099